रायपुर में दो अगस्त को डिजिटल न्याय व्यवस्था पर राज्यस्तरीय कार्यशाला
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा करेंगे अध्यक्षता
- आईसीजेएस, सीसीटीएनएस और डिजिटल न्यायिक समन्वय जैसे विषयों पर होगा मंथन
रायपुर, 1 अगस्त (हि. स.)। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और न्याय व्यवस्था को डिजिटल तकनीकों के माध्यम से अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से 2 अगस्त को रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल (वीआईपी रोड) में राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का विषय नवीन आपराधिक कानूनों के माध्यम से डिजिटल न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाना रखा गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव तथा न्यायमूर्ति चंद्रवंशी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
कार्यशाला में प्रदेश की न्यायिक सेवा के अधिकारी, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक सहित पुलिस एवं न्यायिक तंत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा डिजिटल तकनीकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है।
कार्यशाला के दौरान अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली (आईसीजेएस), अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणाली (सीसीटीएनएस), डिजिटल न्यायिक समन्वय, नवीन आपराधिक कानूनों के तहत तकनीकी एकीकरण तथा न्याय एवं पुलिस व्यवस्था के डिजिटलीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वरिष्ठ अधिकारी विषय विशेषज्ञ के रूप में तकनीकी प्रशिक्षण और प्रस्तुतीकरण देंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यशाला नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने, न्यायपालिका, पुलिस और अभियोजन तंत्र के बीच डिजिटल समन्वय को मजबूत करने तथा नागरिकों को त्वरित, सुलभ और पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर