रायपुर : जेंडर नॉर्म्स और महिला सुरक्षा पर राज्यस्तरीय कार्यशाला 18 को
रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान एवं चैतन्य के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एसआईआरडी निमोरा, रायपुर में जेंडर नॉर्म्स, जेंडर रिसोर्स सेंटर सुदृढ़ीकरण एवं डिजिटल केस मैनेजमेंट विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी। यह जानकारी चैतन्य के कार्यकारी निर्देशक कल्पना पंत ने शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकारवार्ता में उपरोक्त जानकारी दी।
कार्यशाला में चैतन्य द्वारा विकसित 'अस्तित्व' एप्लीकेशन का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध हिंसा से जुड़े मामलों का सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड, हॉटस्पॉट विश्लेषण और डेटा आधारित निगरानी की जाएगी। इस दौरान छत्तीसगढ़ में जेंडर नॉर्म्स पर हुए शोध के निष्कर्ष भी साझा किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जेंडर रिसोर्स सेंटरों को सशक्त बनाने, विभागीय समन्वय बढ़ाने तथा महिला सुरक्षा और प्रभावी रेफरल प्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, एसआरएलएम, जेंडर रिसोर्स सेंटरों के प्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर