रामचंद्रपुर में सरगुजा ओलंपिक का आगाज

 




तीन दिवसीय विकासखंडस्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू, रस्साकसी से जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

बलरामपुर, 18 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज शुक्रवार को किया गया। 18, 19 और 20 नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता की शुरुआत जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह ने फीता काटकर की। उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की टीम के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता भी हुई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसमें खिलाड़ियों ने उत्साह और पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन में जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह के साथ अरुण केशरी, सीताराम गुप्ता, शैलेष गुप्ता, शर्मिला गुप्ता, विकास गुप्ता, पवन गुप्ता, अनोज यादव और श्रवण यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, करारोपण अधिकारी, खेल शिक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी दर्शक शामिल हुए। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय