रघुनाथनगर में वृद्धजन क्लिनिक शुरू, बुजुर्गों को एक ही छत के नीचे मिलेगी जांच, परामर्श और थेरेपी की सुविधा
बलरामपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में आयोजित कर्मा महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन की पहल ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ के उद्देश्य से शुरू किए गए इस क्लिनिक में बुजुर्गों को उनकी उम्र और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुसार विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बढ़ती उम्र के साथ जोड़ों में दर्द, शारीरिक कमजोरी और चलने-फिरने में परेशानी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में उपचार के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाना बुजुर्गों के लिए मुश्किल होता है। इसे ध्यान में रखते हुए क्लिनिक में उनके लिए अलग पंजीयन काउंटर बनाया गया है। पंजीयन के बाद बुजुर्ग चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच और आवश्यक परामर्श ले सकेंगे।
क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यहां व्यायाम उपकरणों, इन्फ्रारेड थेरेपी और मसाज चेयर के माध्यम से दर्द एवं शारीरिक जकड़न से राहत देने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही आयुष पद्धति के तहत शिरोधारा जैसी पारंपरिक चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।
इस पहल से जिले के बुजुर्गों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न थेरेपी की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। प्रशासन का उद्देश्य उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने में मदद करना तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को सहज तरीके से पूरा करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय