भटगांव के सात धान उपार्जन केंद्रों में होंगे पक्के फड़, 69.58 लाख की स्वीकृति
सूरजपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। किसानों को धान उपार्जन के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सात धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ निर्माण और समतलीकरण कार्य को मंजूरी मिली है। भटगांव विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से इन कार्यों के लिए कुल 69.58 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
स्वीकृत कार्यों में सूरजपुर विकासखंड के टमकी, सिरसी, करोटी बी, खोपो, बतरा, सांवारांवां और कुर्रीडीह स्थित धान उपार्जन केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र में 9.94 लाख रुपये की लागत से पक्के फड़ का निर्माण और समतलीकरण किया जाएगा।
पक्के फड़ और समतलीकरण होने से धान की आवक, खरीद और रख-रखाव के दौरान होने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उपार्जन केंद्रों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और किसानों को धान बेचने के दौरान अधिक व्यवस्थित व्यवस्था मिल सकेगी।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने के क्रम में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद सातों उपार्जन केंद्रों में किसानों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय