बीजापुर के बंगालपारा में धारदार हथियार से एक ग्रामीण की हत्या
बीजापुर, 07 जुलाई (हि.स.)।बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंर्तगत नम्बी-गुंजेपरती मार्ग स्थित बंगालपारा में मंगलवार को 50 वर्षीय ग्रामीण की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बंगालपारा निवासी हुंगा मुचाकी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार कुल्हाड़ी से हुंगा मुचाकी पर हमला कर उसकी जान ले ली। सूचना मिलते ही उसूर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करओ हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अज्ञात आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता चल पाएगा। यह इलाका पहले सघन माओवाद प्रभावित क्षेत्र रहा है। बस्तर के शीर्ष माओवादी कभी इस क्षेत्र को अपनी रणनीतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करते थे। पूरा इलाका करेंगुट्टा की पहाड़ी से सटा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे