बालको-कोरबा भदरापारा मार्ग की बदहाल सड़क बनी हादसों का कारण, ऊंचे कलवर्ट से बढ़ा खतरा

 


कोरबा, 07 जुलाई (हि. स.)। बालको नगर से कोरबा शहर को जोड़ने वाला प्रमुख भदरापारा-लालघाट मार्ग इन दिनों अपनी जर्जर स्थिति के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और मिश्रा मेडिकल स्टोर्स के पास नाली निर्माण के दौरान बनाया गया ऊंचा कलवर्ट राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है। लगातार बढ़ रही समस्या को देखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रामकिशोर शर्मा ने आज नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त को पत्र लिखकर जनहित में तत्काल सड़क और कलवर्ट की मरम्मत कराने की मांग की है।

अधिवक्ता रामकिशोर शर्मा ने अपने आवेदन में बताया है कि बालको से कोरबा आने-जाने के लिए भदरापारा-लालघाट मार्ग सबसे प्रमुख और सुगम मार्ग है। प्रतिदिन इस सड़क से हजारों लोग, स्कूली छात्र-छात्राएं, कर्मचारी, व्यापारी और स्थानीय नागरिक आवागमन करते हैं। लेकिन लंबे समय से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने बताया कि मिश्रा मेडिकल स्टोर्स के समीप नाली निर्माण के दौरान बनाया गया कलवर्ट सड़क की सतह से काफी ऊंचा है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में पहुंच जाते हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण यह स्थान और अधिक खतरनाक साबित हो रहा है।

बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं। पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों और भारी वाहनों, विशेषकर हाईवा के लगातार आवागमन से भी जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिवक्ता रामकिशोर शर्मा ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने मिश्रा मेडिकल स्टोर्स के पास बने ऊंचे कलवर्ट को सड़क की सतह के अनुरूप दुरुस्त कराने तथा भदरापारा-लालघाट मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

स्थानीय नागरिकों को भी उम्मीद है कि नगर निगम इस गंभीर समस्या पर जल्द कार्रवाई करेगा और लंबे समय से खराब पड़ी सड़क तथा खतरनाक कलवर्ट की मरम्मत कर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी