बलरामपुर : सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे पर कार्रवाई, 30 डिसमिल भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

 


बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत आज बुधवार विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत आमडंडा में करीब 30 डिसमिल सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्रवाई कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिषेक गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई।

राजस्व विभाग के अनुसार, एक निजी व्यक्ति ने लगभग 30 डिसमिल शासकीय भूमि पर अवैध रूप से धान की फसल लगाकर कब्जा कर लिया था। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के बाद शासकीय भूमि को विधिवत ग्राम पंचायत आमडंडा के सरपंच को सुपुर्द कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि की सुरक्षा और संरक्षण के लिए अवैध अतिक्रमण के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय