बलरामपुर में दाे नवंबर को मनेगा राज्योत्सव, हाईस्कूल मैदान में होगा आयोजन
बलरामपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिला मुख्यालय के हाईस्कूल ग्राउंड में 2 नवंबर को एक दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। आज शुक्रवार को जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी और बलरामपुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी विवेक चन्द्रा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
राज्योत्सव में शासन की ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित सजीव प्रदर्शन, स्टॉल आवंटन, सामग्री वितरण और आमंत्रण पत्र से संबंधित व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर ले-आउट तैयार करने, मैदान के समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, टेंट-पंडाल, पर्याप्त रोशनी और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग तथा विद्युत यांत्रिकी विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को 108 एम्बुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट सहित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर पालिका बलरामपुर पेयजल के लिए पानी टैंकर और साफ-सफाई की व्यवस्था करेगी, जबकि नगर सेना अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराएगी। जनसंपर्क विभाग कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और मीडिया प्रबंधन का कार्य संभालेगा।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में अपने दायित्वों का समय-सीमा के भीतर निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राज्योत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय