बलरामपुर : अमड़ीपारा में बारिश की हर बूंद बनेगी जल संरक्षण की नई ताकत

 


बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत अमड़ीपारा में वर्षा जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विकसित भारत ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी रामजी) के तहत आज बुधवार को बंजर पहाड़ी पर जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्र की जल उपलब्धता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जिले में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अमड़ीपारा की पहाड़ी पर 400 स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जा रहा है। इन संरचनाओं का उद्देश्य वर्षा जल को रोककर उसे धीरे-धीरे जमीन में समाहित करना है, जिससे भू-जल स्तर बढ़ेगा, मिट्टी का कटाव कम होगा और पहाड़ी क्षेत्र में हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।

इन ट्रेंचों के निर्माण से अब तक पहाड़ियों से बहकर व्यर्थ चला जाने वाला वर्षा जल स्थानीय स्तर पर संरक्षित हो सकेगा। इसका लाभ आसपास के खेतों, प्राकृतिक जलस्रोतों और पूरे गांव को मिलेगा। साथ ही सूखे मौसम में भी भूमि में नमी बनाए रखने और भू-जल पुनर्भरण में मदद मिलेगी।

इस अभियान से ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। ट्रेंच निर्माण कार्य में 23 मजदूर परिवारों को अपने ही गांव में रोजगार उपलब्ध हुआ है। इससे जहां उनकी आय में वृद्धि हो रही है, वहीं जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को भी एक साथ मजबूती मिल रही है। प्रशासन का मानना है कि विकास और आजीविका का यह समन्वित प्रयास भविष्य में अमड़ीपारा को जल संरक्षण के सफल मॉडल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय