बलरामपुर : अतिक्रमण व यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-343 पर बने गड्ढों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग कर कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही मालवाहक वाहनों में यात्रियों के अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें तथा आवश्यक होने पर वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाए।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। कलेक्टर ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़कों के किनारे पेड़ों की नियमित छंटाई कराने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेई, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, आर.एन. पांडेय, प्रमोद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय