पंडाल का हटाने पहुंची पुलिस, प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने किया विरोध

 




धमतरी, 17 दिसंबर (हि.स.)। नगर निगम में व्याप्त मूलभूत समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के विरोध में कांग्रेस पार्षदों का धरना प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी निगम कार्यालय के सामने जारी रहा। यह धरना उस समय और उग्र हो गया, जब सुबह लगभग 11 बजे पंडाल हटाने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम के पहुंचते ही कांग्रेसी पार्षदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी और पंडाल हटाने का कड़ा विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निगम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होता और जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरनास्थल पर मौजूद कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि महापौर एक दिन के धरने से ही डर गए हैं, इसलिए पुलिस-प्रशासन का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी दबाव में धरने से हटने वाले नहीं हैं। जनता ने उन्हें चुनकर निगम में भेजा है और वे जनता की आवाज बनकर अपने हक और अधिकार की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने नगाड़ा बजाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। नगाड़े की थाप पर महापौर के खिलाफ नारे लगाए गए और गीत के माध्यम से निगम की बदहाल सड़कों व मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को उजागर किया गया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम में खाऊंगा नहीं, खाने दूंगा नहीं के दावों के बावजूद वर्तमान में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी खुलेआम फल-फूल रही है, जिसके कारण आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और शहर में त्राहि-त्राहि मची हुई है। धरनास्थल को पूर्व महापौर विजय देवांगन, आनंद पवार और रूपेश राजपूत ने संबोधित किया।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता विशु देवांगन, ब्लाक अध्यक्ष आकाश गोलछा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद, युवा कांग्रेस व महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा