निगम सभापति की गाड़ी वापस लेने पर कांग्रेस पार्षदों ने जताया विरोध

 


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम सभापति (स्पीकर) कौशल्या देवांगन की शासकीय गाड़ी वापस लिए जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम गैरेज पहुंचकर प्रदर्शन किया। पार्षदों ने गैरेज में खड़ी गाड़ी के सामने नारेबाजी करते हुए उस निर्णय को अनुचित बताया और नाराजगी जताई।

निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर एवं उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने आरोप लगाया कि, सामान्य सभा की बैठक के अगले ही दिन नगर निगम सभापति की शासकीय गाड़ी वापस लेकर गैरेज में खड़ी कर दी गई जबकि वाहन में किसी प्रकार की खराबी नहीं थी। उन्होंने इसे सभापति के साथ भेदभाव बताते हुए कहा कि नारी सशक्तीकरण की बात करने वाली सरकार आज महिला जनप्रतिनिधि का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि महापौर द्वारा गाड़ी खराब होने की बात कही गई थी इसलिए पंजीकृत मेकेनिक के साथ वाहन की जांच कराने निगम के गैरेज पहुंचे है। जहां चालक ने फोन पर बताया कि गाड़ी में कोई खराबी नहीं है। बाद में चाबी मंगाने पर चालक का मोबाइल बंद हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य सभा में महापौर को भाजपा का गमछा उतारने के लिए सभापति द्वारा कहे जाने के बाद नाराजगी में यह कार्रवाई की गई। कांग्रेस पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि शहर के 40 वार्डों में अब तक एक भी टेंडर जारी नहीं हुआ है जबकि पार्षद निधि एक वर्ष से लंबित है। इस दौरान पार्षद पूर्णिमा रजक एवं पूर्व पार्षद गजानंद रजक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा