नाै सितंबर को होगी जिलास्तरीय ऑनलाइन क्विज, मोबाइल से छात्र-छात्राएं ले सकेंगे हिस्सा

 

महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता, सहभागिता का ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी मिलेगा

बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा 9 सितंबर को जिलास्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं मोबाइल के माध्यम से सीधे भाग ले सकेंगे।

स्वीप कार्ययोजना के तहत जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) का गठन किया गया है। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान, मताधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित महाविद्यालयों को ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इस क्विज में कुल 30 प्रश्न होंगे, जिनका उत्तर विद्यार्थी अपने मोबाइल से ही दे सकेंगे। मोबाइल से भाग लेने की सुविधा होने से अधिक संख्या में विद्यार्थियों के प्रतियोगिता से जुड़ने की संभावना है।

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को सहभागिता का ऑनलाइन प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता में प्राप्त स्कोर भी प्रतिभागियों की ईमेल आईडी पर उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों से निर्धारित तिथि पर प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की अधिक से अधिक सहभागिता कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजन से संबंधित छायाचित्र और वीडियो जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

‘नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइंड’ की भावना के अनुरूप जिले में युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व और निर्वाचन प्रणाली की जानकारी से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ऑनलाइन क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा, वहीं वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने में भूमिका निभा सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय