धान खरीद में धमतरी की सशक्त व्यवस्था
धमतरी, 20 जनवरी (हि.स.)।धमतरी जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीद सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। किसानों को बेहतर सुविधाएं और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा लगातार मैदानी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर ने 20 जनवरी को जिले के छह धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धमतरी तहसील के लोहरसी, पोटियाडीह, आमदी तथा भखारा तहसील के धरसीवा, डोमा और डाही उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सीधे किसानों के बीच पहुंचे और उनसे संवाद कर धान खरीद की जमीनी स्थिति, सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने टोकन कटने की स्थिति, धान विक्रय, रकबा समर्पण, फसल सत्यापन, धान उठाव और भुगतान प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटे, सीमांत और वास्तविक किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न हो। यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान खरीद केंद्रों पर पेयजल, छाया, तौल व्यवस्था और बैठने की सुविधाओं का भी परीक्षण किया गया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।जिले में 15 नवंबर 2025 से अब तक 1,14,470 किसानों से 54,81,688.80 क्विंटल धान की खरीदी हुई है।
कलेक्टर ने रकबा समर्पण और फसल सत्यापन की समीक्षा करते हुए अवैध धान परिवहन, भंडारण और फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहली बार धान विक्रय के लिए टोकन कटवाने वाले किसानों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। सत्यापन में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा