जांजगीर-चांपा कलेक्टर ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

 


जांजगीर-चांपा, 13 अप्रैल (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और सुचारू रूप से पहुंच सके।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित सभी आवासों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण और संचयन को लेकर जिले में अभियान चलाने पर जोर दिया और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन स्कूलों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मजबूती का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।

आगामी 14 अप्रैल को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं को लेकर कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और शासन की योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए।

कलेक्टर ने श्री रामलला दर्शन योजना की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ लक्ष्य के अनुरूप दिया जाए।

इसके अलावा कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के लिए कहा गया। बैठक में आधार अपडेट, आरबीसी 6-4, महतारी वंदन ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर. के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT