छग विधानसभा : महतारी वंदन योजना में हेराफेरी का आरोप, जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया बर्हिगमन

 


रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें और अंतिम दिन शुक्रवार काे महतारी वंदन योजना में नाम हटाने व आंकड़ों में हेराफेरी का लगाते हुए विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार को घेरा। महतारी वंदन योजना पर मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस सदस्यों ने सदन से बर्हिगमन कर दिया।

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने मुद्दा उठाते हुए पोर्टल नहीं खुलने की बात कही। इस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुशासन की सरकार का हवाला देते हुए सीख नहीं देने की नसीहत दे डाली। विपक्ष ने यह सुनते ही सदन में हंगामा शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए विपक्ष ने सदन से बर्हिगमन किया।

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सदन में मंत्री से सवाल पूछा कि कितनी पात्र महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ जून 26 तक मिला? जिनको नहीं मिला उसकी वजह क्या है? इस पर मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने बताया कि प्रारंभ में कुल 70,27,154 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्र 70,09,658 को प्रथम भुगतान किया गया।

मंत्री ने बताया कि जून 26 की स्थिति में 68,54,003 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। 1,55,600 ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो गई या ई केवायसी नहीं हुआ है। जिसके साथ-साथ आयकरदाता भी योजना में नहीं शामिल हैं। ई केवायसी के कारण 2 प्रतिशत महिलाओं का महतारी वंदन का पैसा रुका है।

इस पर उमेश पटेल ने कहा कि मई महीने में 36 हजार महिलाओं का ई केवायसी बाक़ी है। 55 हजार महिलाओं को काटा है। तो एक लाख लोग बचे हैं। इस पर मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि एक लाख 23 हजार महिलाओं की मृत्यु हो गई है। इस पर उमेश पटेल ने पूछा मार्च 24 से पोर्टल नहीं खुला है। यह कब तक खुलेगा?

इस पर मंत्री ने कहा कि सुशासन की सरकार है। हमने सरकार बनते ही 2 महीने में पैसा दे दिया आप न सिखाएं। इसके साथ ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। इसके साथ महतारी वंदन योजना पर मंत्री लक्ष्मी राजवेड़े के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस के विधायकों ने सदन से बर्हिगमन कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल