घर बैठे दर्ज होगी उपभोक्ता आयोग में शिकायत, उपस्थित भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से

 


कांकेर, 26 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देश पर कांकेर जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा ग्रामीण अंचलों में चलाए जा रहे सतत जागरूकता अभियान के तहत उपभोक्ताओं को डिजिटल न्याय प्रणाली से जोड़ा जा रहा है। बदलते दौर में अब ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए न तो शहर की दौड़ लगानी होगी और न ही कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने पड़ेंगे। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कोकपुर के पंचायत भवन में आज शुक्रवार काे एक विशेष उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष सुजाता जायसवाल, सदस्य डाकेश्वर सोनी ने ग्रामीणों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और नए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी दी। शिविर में ग्रामीणों को सबसे बड़ी राहत की जानकारी देते हुए सुजाता जायसवाल ने ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग की नई व्यवस्था के बारे में बताया। यदि किसी ग्रामीण के साथ बाजार में, ऑनलाइन शॉपिंग में या किसी सेवा में धोखाधड़ी होती है, तो वे ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। अब उपभोक्ताओं को अपनी गवाही या पक्ष रखने के लिए जिला मुख्यालय आने की भी जरूरत नहीं है। वे ई-हियरिंग के जरिए अपने गांव या किसी भी स्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे आयोग के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने रोजमर्रा की खरीदारी, ऑनलाइन ठगी, गारंटी-वारंटी और ई-हियरिंग की तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़े सवाल पूछे। कानून विशेषज्ञों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। शिविर में सरपंच निशा दुगा, उपसरपंच चुनेश्वर कुमार जैन, ग्राम सभा अध्यक्ष जेठू राम मांडवी के अलावा जिला उपभोक्ता आयोग कर्मचारी रविंद्र ठाकुर, भारती जाधव और दीपक ध्रुव आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे