खरेंगा में विवादास्पद नाली हटाई गई, ग्रामीणों के लिए बना था आवागमन में बाधा

 


धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)।कोलियारी-खरेंगा मार्ग निर्माणाधीन है। ग्राम खरेंगा में सड़क किनारे बनाई गई नाली ग्रामीणों के आवागमन के लिए लंबे समय से बाधा बना हुआ था। क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन के पास जब शिकायत पहुंची, तो इसे गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी नाली को तोड़ने अधिकारियों को निर्देशित किया। जांच-परीक्षण के बाद अंतत: ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी नाली को तोड़ दिया गया है, इससे ग्रामीणों ने अब राहत की सांस ली है।

ग्राम पंचायत खरेंगा में सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ था। इस नाली के निर्माण को लेकर ग्रामवासियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थी कि नाली का निर्माण नियमों के विपरीत किया गया है, जो आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा था। ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की गंभीरता को समझते हुए जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन ने संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नाली को लेकर ग्रामीणों के बीच असंतोष और विवाद की स्थिति बनी हुई थी, जिसे देखते हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप आवश्यक हो गया था। निर्देश मिलते ही पंचायत एवं प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर विवादास्पद नाली को तोड़ने की कार्रवाई की।

नाली हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार का अवैध या विवाद उत्पन्न करने वाला निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना सीधे जनप्रतिनिधियों या प्रशासन को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा