कोरबा में धान खरीद की तैयारियां तेज, 53,101 किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन पूरा

 


कोरबा, 28 अक्टूबर (हि. स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद को लेकर कोरबा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की 60 आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत 73 धान खरीद केंद्रों में किसानों से धान खरीदा जाएगा। अब तक 53,101 किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन पूरा हो चुका है, जबकि 168 किसानों का पंजीयन शेष है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शेष किसानों का पंजीयन समय-सीमा में पूरा करने और खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में बुधवार को कलेक्टर ने अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम होनी चाहिए। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

कलेक्टर ने सभी पंजीकृत किसानों के खसरों, फसल प्रविष्टियों और रकबे का एग्रीस्टेक पोर्टल से मिलान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन संबंधी त्रुटि के कारण धान बेचने से वंचित नहीं रहना चाहिए। वनाधिकार पट्टाधारी, डुबान क्षेत्र के किसान और शासकीय पट्टाधारी किसानों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।

धान खरीद केंद्रों में साफ-सफाई, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, पर्याप्त बारदाने, जल निकासी और हमालों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नए खरीदी केंद्रों में कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर, जनरेटर और कर्मचारियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने संवेदनशील और सीमावर्ती धान खरीद केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। दूसरे क्षेत्रों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए उड़नदस्ता दल गठित किए जाएंगे। सभी समितियों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा गया है।

बैठक में बताया गया कि, किसान 'तुहर टोकन' ऐप के माध्यम से 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। कुल 70 प्रतिशत टोकन ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन समितियों से जारी किए जाएंगे। टोकन के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक टोकन, दो से दस एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो टोकन और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन मिल सकेंगे।

कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर खसरों और फसल प्रविष्टियों का मिलान अवश्य कराएं। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समय रहते सुधार करवाएं, ताकि धान विक्रय के दौरान परेशानी न हो।

बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर, उप पंजीयक सहकारिता एम. मिंज, जिला विपणन अधिकारी ऋतुराज देवांगन सहित एसडीएम, तहसीलदार, समिति प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी