कोरबा में तेज बारिश के बाद जलभराव, निगम अमला सातों जोन में रहा सक्रिय
कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। सावन के अंतिम सोमवार को दोपहर बाद हुई तेज और लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। जलभराव की स्थिति का जायजा लेने और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा का अमला सातों जोन में सक्रिय रहा।
बारिश के दौरान कोसाबाड़ी जोन के शांतिनगर मोहल्ला, पोड़ीबहार के राठौर मोहल्ला, जिला अस्पताल के सामने सहित कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से जल निकासी का रास्ता बनाकर पानी की निकासी कराई। इससे प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को दूर किया गया।
महापौर संजूदेवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर सभी सातों जोन के जोन कमिश्नर अपने-अपने अमले के साथ फील्ड में सक्रिय रहे। अधिकारियों ने बारिश के दौरान विभिन्न वार्डों और बस्तियों का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी।
निगम अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान जहां भी जलभराव की सूचना मिली, वहां तत्काल टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई की गई। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। निगम अमला बारिश के दौरान शहर के संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखे हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी