कोरबा के चार वार्डों को 93 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कोरबा, 24 नवंबर (हि. स.)। नगर निगम कोरबा के चार वार्डों में 93 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली है। मंगलवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 3 में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया, जबकि अन्य वार्डों में सामुदायिक भवन, सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन हुआ।
निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 के डीडीएम रोड स्थित साईं मंदिर के पीछे 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 4 के राताखार टावर मोहल्ला गणेश चौक के पास 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन एवं विस्तार कार्य किए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 15 के गुरुद्वारा के पीछे झरनापारा और पंद्रह ब्लॉक में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी रोड का निर्माण होगा।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 17 में साहू खटाल से भैंस खटाल तक 25 लाख रुपये तथा ढोढ़ीपारा सिविल ऑफिस अहाता के पास रामू सूर्यवंशी के घर से साहू खटाल तक 8 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराया जाएगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया।
कोरबा में 1100 करोड़ के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ-सबका विकास के संकल्प के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी