कोंडागांव कलेक्टर ने साप्ताहिक जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं

 


कोंडागांव, 14 जुलाई(हि.स.)। कोंडागांव जिले के कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम काकडग़ांव के ग्रामीणों ने दहिकोंगा सबस्टेशन से बार-बार हो रही विद्युत कटौती की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम चेरबेड़ा निवासी सगाराम मरकाम ने लो-वोल्टेज के कारण रागी फसल प्रभावित होने की जानकारी देते हुए समस्या के समाधान की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत कर्रारमेटा के ग्रामीणों ने माध्यमिक शाला कर्रारमेटा में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी।

ग्राम बड़ेबंजोड़ा के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से दहिकोंगा होते हुए गोलावण्ड मार्ग के लगभग 2 से 3 किलोमीटर जर्जर हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की। ग्राम पंचायत बफना के सरपंच सुकदेव नेताम ने पुराने एवं जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के स्थान पर दो नए भवनों की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त जनदर्शन में राजस्व प्रकरणों, वनाधिकार पट्टा, सीसी सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे