कांग्रेस ने नकली खाद-बीज के विराेध में कृषि विभाग के समक्ष नगाड़े बजाकर किया प्रदर्शन
जगदलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर-ग्रामीण के संयुक्त तत्वाधान में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के द्वारा बिक रहे नकली डीएपी/खाद/बीज के खिलाफ,किसानों की हितों की रक्षा व दोषियों पर सख्त कारवाई की मांग को लेकर कृषि विभाग कार्यालय जगदलपुर के समक्ष नगाड़ा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया गया ।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने साय सरकार और जिला प्रशासन से प्रमुख मांग करती है कि इस पूरे फर्जीवाड़े की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए जिसमें समस्त निजी व शासकीय लैंप्स और सभी कृषि केंद्रों की जांच हो ताकि इसमें शामिल सफेदपोश चेहरों का पर्दाफाश हो सके। उन्हाेने कहा कि नकली और अमानक खाद-बीज का यह काला साम्राज्य सिर्फ निजी दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय लैंप्स और सहकारी समितियों के माध्यम से भी इसे धड़ल्ले से किसानों को थमाया जा रहा है। यह सीधे तौर पर बस्तर के कृषि ढांचे और किसानों की अर्थव्यवस्था को तबाह करने की बड़ी साजिश है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता लखेश्वर बघेल ने कहा प्रदेश सरकार पर किसानों की लगातार उपेक्षा कर रही है,खरीफ सीजन के सबसे महत्वपूर्ण समय में किसान खाद और बीज के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। किसान सुबह से देर शाम तक सहकारी समितियों और खाद केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। मिट्टी से बना नकली डीएपी थमाया जा रहा है। भारत डीएपी' के नाम पर जो पोटाश और खाद बस्तर के बाजारों में खपाया जा रहा है, वह पूरी तरह से फर्जी और अमानक निकला है। किसानों के अनुभवों से यह साफ हो चुका है कि यह खाद सिर्फ मिट्टी और कंकड़ का मिश्रण है। जो कि किसानों के साथ बेहद निंदनीय है!
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों के साथ लगातार छलावा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान डीएपी खाद लेने के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें असली खाद के नाम पर मिट्टी जैसी बेगुणवत्ता वाला डीएपी उपलब्ध कराया जा रहा है। श्री शुक्ला ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध न होने से किसान खेती करने में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। नकली खाद-बीज की बिक्री में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, किसानों को प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज तत्काल उपलब्ध कराया जाए तथा डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व सभापति कविता साहू, कोमल सेना,विक्रम सिंह डांगी, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी,लता निषा,चंपा ठाकुर,महामंत्री अभिषेक नायडू,सुभाष गुलाटी,विजय सिंह,जाहिद हुसैन, अल्ताफ उल्ला खान,अनुराग महतो,नीतीश शर्मा,सुषमा सुता,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा,किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप,प्रवक्ता जावेद खान,ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,सूर्यापानी, संतोष सेठिया,फूलसिंह बघेल, नीलुराम, ललिता राव,भोजराज नाग,हनुमान द्विवेदी,संजय पाणिग्रही,संतोष यादव,अनवर खान,विजेंद्र ठाकुर, गणेश कावड़,जीवन लाल, दंतेश्वर राव,सहदेव नाग,संदीप दास,अंजना नाग,ज्योति राव,एस नीला,मोहसिन खान,सलीम अली, सद्दाम रजा,आकिब रजा,मनिता राऊत,हेमंत कश्यप,शंकर सेन,सोनारू,पार्षद शुभम यदू,जस्टिन भवानी,आभाष महंती, अफरोज बेगम,जयमती, हंसू नाग,खेमराज सेठिया आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे