कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र, कहा- लक्ष्य पर फोकस और अनुशासन से मिलती है कामयाबी

 


जिले के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का हुआ आयोजन

दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट होल्डर्स सहित 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

जांजगीर-चांपा, 10 मई (हि. स.)। आकांक्षा आवासीय विद्यालय जांजगीर में ‘विद्यार्थी प्रोत्साहन एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला’ का आज रव‍िवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना तथा उन्हें भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि केवल सम्मान करना ही हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लक्ष्यों के प्रति प्रेरित करना हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि “लक्ष्य पर फोकस और अनुशासन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।” विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार करियर का चयन करें। कलेक्टर ने यह भी आश्वस्त किया कि जिले के किसी भी बच्चे को पढ़ाई में यदि किसी प्रकार की बाधा आती है, तो जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने विद्यार्थियों से कहा कि, चुनौतियों को स्वीकार कर निरंतर प्रयास करते रहने से ही सफलता प्राप्त होती है। एसडीएम जांजगीर एवं आकांक्षा कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुब्रत प्रधान ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित आकांक्षा निःशुल्क आवासीय कोचिंग की विस्तृत जानकारी दी, अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर विशेष प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम तथा आईआईटी खड़गपुर के छात्र युगल साहू ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं एवं करियर संबंधी शंकाओं का समाधान किया।

इसके उपरांत माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाई स्कूल मेरिट सूची में नैतिक गौतम एवं लोकेश राठौर तथा हायर सेकेंडरी मेरिट सूची में कु. खुशबू देवांगन सहित 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जिले के 163 मेधावी छात्र-छात्राओं को कलेक्टर एवं अधिकारियों ने सम्मानित किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ए.के. सिन्हा, मनोज पांडेय एवं एबीईओ श्रीमती पुष्पा कोरी सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर अभिभावक, प्राचार्यगण एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT