आयुष्मान योजना में अनियमितता पर हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का पंजीयन एक साल के लिए निलंबित
कोरबा, 05 नवंबर (हि. स.)। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अनियमितता पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल का योजना के तहत पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को योजना के अंतर्गत नए मरीजों को भर्ती नहीं करने और अस्पताल परिसर से आयुष्मान योजना से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 30 सितंबर 2026 को हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान जांच दल को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। मरीजों के परिजनों से नगद राशि लिए जाने संबंधी बयान सामने आए। इसके अलावा भर्ती अभिलेखों में गलत मोबाइल नंबर दर्ज पाए गए। अस्पताल की भर्ती फाइलों में दर्ज 68 मोबाइल नंबर गलत अथवा उपयोग में नहीं होने की जानकारी मिली।
जांच के दौरान नवजात शिशुओं के उपचार से संबंधित अनियमितताएं भी सामने आईं। वहीं, पैथोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी से जुड़े आवश्यक अभिलेख भी अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध नहीं कराए गए।
इन खामियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, प्रबंधन द्वारा दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। मरीजों के अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में गंभीर वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा जुलाई 2026 में जारी दिशा-निर्देशों की कंडिका 6.4.1 के तहत अस्पताल का आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल योजना के तहत नए मरीजों को भर्ती नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही अस्पताल और परिसर में लगी योजना से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को आयुष्मान योजना के तहत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने तथा योजना में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी