अंबिकापुर : भैंस चराने गई किशोरी पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर हुई मौत
अंबिकापुर, 27 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बकना कला में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दरअसल, बकना कला निवासी सन्मतिया (15 वर्ष), पिता मतन राम, गांव के खेत के पास भैंस चरा रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
बता दें कि, दोपहर बाद अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम बदला। तेज आंधी-तूफान और बारिश के साथ कई जगहों पर बिजली भी गिरी। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। आंधी-तूफान के चलते शहर के कई हिस्सों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह