कृषि महाविद्यालय जगदलपुर में अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
जगदलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में शनिवार से 'अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता' का शुभारंभ हुआ। इस खेल आयोजन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 29 शासकीय एवं 11 निजी कृषि महाविद्यालयों के 200 चयनित छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय साजा (बेमेतरा) के अधिष्ठाता डॉ ललित रामटेके और क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के सहसंचालक डॉ एके ठाकुर उपस्थित रहे। सीनियर अंडर ऑफिसर प्रदीप बघेल के नेतृत्व में प्रोसेशन निकाला गया, जिसमें विभिन्न टीम मैनेजर्स के नेतृत्व में कुल 5 टीम शामिल हुईं। मुख्य अतिथि द्वारा मशाल जलाने और आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़ने के साथ ही प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की गई।
उक्त प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिसमें ईस्ट जोन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक 100 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन के ओम भगत ने प्रथम, सेंट्रल जोन के मुकेश कुमार ने द्वितीय और साउथ जोन के भावेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका 100 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन की संध्या नेताम प्रथम, साउथ जोन की गौरी नेताम द्वितीय और वेस्ट जोन की नंदनी भुवार्य तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार बालक 800 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन के हरेश ने पहला, वेस्ट जोन के अरमान ने दूसरा और सेंट्रल जोन के यतीश ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका 800 मीटर दौड़ में नॉर्थ जोन की कौशलिया प्रथम रहीं, जबकि साउथ जोन की प्रियंका और जीतेश्वरी ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही समूह खेलों के अंतर्गत वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी प्रारंभ हो गए हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ राम कुमार ठाकुर, डॉ शुभही निषाद, डॉ वीबी कुरवंशी, डॉ जेएल नाग, डॉ अंगद सिंह राजपूत, डॉ सुनील नाग एवं डॉ आरएस नाग सहित विभिन्न अंतर-जोन दल प्रबंधक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे