जांजगीर : जिपं सीईओ पोयाम ने ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर विकास कार्यों का लिया जायजा

 


जांजगीर-चांपा 21 जुलाई (हि. स.)। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विनय कुमार पोयाम ने मंगलवार काे विकासखंड बम्हनीडीह के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीडीएस भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, महतारी सदन, फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट तथा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सोंठी में निर्माणाधीन पीडीएस भवन का अवलोकन करते हुए उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा सूचना पटल पर योजना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ श्री पोयाम ने ग्राम पंचायत अफरीद में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण करते हुए केंद्र के नियमित संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारी की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसका नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने महतारी सदन का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्राम पंचायत बिर्रा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्य तत्काल प्रारंभ कराने तथा हितग्राहियों को प्रोत्साहित कर समय-सीमा में आवास पूर्ण कराने के कहा। उन्होंने निर्माण के प्रत्येक चरण का समय पर जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने तथा हितग्राहियों को समय पर किस्त की राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत बंसुला में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट तथा पौड़ीशंकर में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण करते हुए कहा कि यूनिट तैयार होने के बाद इसके सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं। उन्होंने घर-घर से प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर उसका वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बम्हनीडीह, एसडीओ आरईएस, सहायक अभियंता पीएमएवाई-जी, कार्यक्रम अधिकारी विकसित भारत जी राम जी, तकनीकी सहायक पीएमएवाई-जी एवं विकसित भारत-जीरामजी, ग्राम पंचायतों के सचिव, सरपंच सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT