सूरजपुर में छात्रावास की अव्यवस्थाओं पर छात्राओं का फूटा गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन

 


सूरजपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर जिले के भुनेश्वरपुर स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं ने सोमवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्राएं धरने पर बैठ गईं और छात्रावास में भोजन तथा मेस की व्यवस्था में सुधार की मांग की। छात्राओं ने हॉस्टल अधीक्षक पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया।

छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें समय पर भोजन नहीं मिल रहा है। मेस की व्यवस्था भी ठीक नहीं है, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक छात्रा ने बताया कि भोजन की व्यवस्था खराब होने के कारण कई छात्राओं को अपने खर्च पर बाहर जाकर खाना पड़ता है।

छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से परेशानी झेलने के बावजूद उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा था। इसी वजह से उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।

छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आदिवासी विकास विभाग के सहायक संचालक बिजेंद्र एक्का भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

अधिकारी ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों की समझाइश और समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भी छात्राओं ने स्पष्ट किया कि यदि छात्रावास में भोजन और मेस समेत अन्य व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। छात्राओं ने जिला प्रशासन से छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और उनकी शिकायतों का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के प्रदर्शन ने जिले में संचालित छात्रावासों की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय