कोरबा में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने राजीव गांधी ऑडिटोरियम के नवीनीकरण के लिए 2 करोड़ की घोषणा की

 






कोरबा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और जिला प्रशासन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम के नवीनीकरण के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से 2 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से भ्रामक सूचनाओं और बहकावे से बचते हुए सकारात्मक सोच, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

मंत्री देवांगन ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे चुनावी खर्च और प्रशासनिक संसाधनों की बचत होने के साथ विकास कार्यों को गति मिल सकती है। बार-बार चुनाव और आदर्श आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में डीएमएफ के माध्यम से शिक्षा और अधोसंरचना विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ स्कूलों, छात्रावासों और महाविद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत तथा सड़क और रेल संपर्क के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा होने की पहचान केवल उम्र से नहीं, बल्कि विचारों, कर्मों और समाज के प्रति जिम्मेदारी से होती है। उन्होंने युवाओं को सेवा, संस्कार, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। प्रत्येक युवा अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है।

तोमर ने बताया कि युवाओं से प्राप्त सुझावों पर विचार कर उपयुक्त प्रस्तावों को प्रदेश की युवा नीति में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पाली क्षेत्र की कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी सहित प्रदेश की प्रतिभाशाली बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले के युवाओं को बेहतर शिक्षा, प्रशिक्षण, रोजगार और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि डीएमएफ के माध्यम से स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है, जिससे पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं दिशा पहल के तहत मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की निःशुल्क आवासीय कोचिंग शुरू की जा रही है।

कलेक्टर ने बताया कि कोरबा को खेलों के मॉडल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शासकीय पीजी कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम के उन्नयन और आदिवासी बालक-बालिका खेल परिसर के विस्तार सहित विभिन्न प्रस्तावों पर काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों ने एक राष्ट्र, एक चुनाव, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर व्याख्यान दिए। इस अवसर पर स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं सहित युवाओं को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई एवं अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी