विकसित भारत युवा संवाद में जनप्रतिनिधियों से रूबरू होंगे युवा, चार नवंबर को होगा आयोजन
धमतरी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 4 नवंबर को धमतरी में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त निकाय मेरा युवा भारत (माय भारत), धमतरी के तत्वावधान में नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, अपने सवाल रखने और देश के विकास से जुड़े विषयों पर विचार एवं सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें नीति निर्माण और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है। इसके तहत विद्यार्थी एवं युवा निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे तथा विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय रख सकेंगे। इससे युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बढ़ाने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सफल व्यक्तित्वों और ख्यातिप्राप्त खिलाड़ियों की प्रेरणादायक जीवन यात्रा के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रतिज्ञा भी दिलाई जाएगी।
‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के अनुरूप आयोजित इस संवाद में युवाओं के विचारों और सुझावों को संकलित किया जाएगा। प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल और इसके माध्यम से संचालित विभिन्न युवा कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में कर सकें। माय भारत केंद्र, धमतरी ने जिले के सभी विद्यार्थियों, युवा मंडलों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा धमतरी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा