बिलासपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या, एक संदिग्ध हिरासत में

 


बिलासपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में साेमवार काे युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपिताें ने चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। शव को फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर सभी फरार हो गए।

सिरगिट्टी थाना से मिली जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपिताें के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश थी। मौका देखकर आरोपिताें ने ओम लहरे से मारपीट की और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पुलिस से बचने के लिए लाश को फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास फेंक दिया।

शव मिलने की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को घसीटने से सड़क पर खून के निशान मिले हैं। घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए। शव पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जो हत्या का मुख्य आरोपित बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। फिलहाल हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर जांच जारी है। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपिताें की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल