युवाओं ने संभाली मां अंगारमोती मंदिर में सेवा की कमान
धमतरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नवरात्र के दूसरे दिन माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बीच मंदिर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। आदिशक्ति मां अंगारमोती ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी गोंड समाज के युवक-युवतियों को सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धमतरी जिले के अलग-अलग गांवों से पहुंचे युवा अपनी दिनचर्या से समय निकालकर माता के दरबार में सेवाएं दे रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंदिर परिसर में 150 से अधिक युवक-युवतियां सेवा कार्य में जुटे हैं। इनमें 90 से अधिक युवक और 50 से अधिक युवतियां शामिल हैं। सभी को अलग-अलग समूहों में बांटकर ज्योत स्थल, मंदिर प्रांगण, भोजनालय और स्टोर रूम सहित विभिन्न स्थानों की जिम्मेदारी दी गई है।
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच ये युवा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने और सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में जुटे हैं। गोंड समाज के जिलाध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर ने बताया कि मां अंगारमोती के दरबार में युवाओं की भागीदारी धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक सहयोग की भावना को भी दर्शाती है। जिले के विभिन्न गांवों से आए युवक-युवतियां पूरे समर्पण के साथ माता की सेवा कर रहे हैं। युवाओं का यह सेवाभाव न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध करा रहा है, बल्कि समाज में सेवा, अनुशासन और सहभागिता का संदेश भी दे रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा