बलरामपुर : युवक से मारपीट कर अर्द्धनग्न अवस्था में घुमाने का आरोप, वीडियो वायरल, एफआईआर दर्ज
बलरामपुर, 23 जून (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में युवक के साथ कथित मारपीट और अर्द्धनग्न कर पैदल घुमाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने व्यापक चर्चा का रूप ले लिया है। वहीं पीड़ित अल्ताफ अंसारी (30 वर्ष ) ने एमएलसी के दौरान मीडिया के सामने गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर पुलिस ने पीड़ित के कुछ दावों को खारिज करते हुए मामले में काउंटर एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।
रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल में आज मंगलवार को मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) के दौरान अल्ताफ अंसारी ने आरोप लगाया कि विवाद की शुरुआत राशन कार्ड बनवाने को लेकर हुई थी। उनके अनुसार क्षेत्र के बीडीसी सदस्य मोहम्मद बक्स ने राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी कार्ड नहीं बन सका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ।
अल्ताफ का आरोप है कि सोमवार शाम मोहम्मद बक्स और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि जान बचाने के लिए वह रामचंद्रपुर थाना पहुंचे थे, लेकिन बाद में आरोपित पक्ष उन्हें अपने साथ ले गया और दोबारा मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें अर्द्धनग्न अवस्था में हाथ जोड़वाकर सार्वजनिक रूप से पैदल चलाया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को हाथ जोड़कर पैदल चलते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोगों की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि कोई वीडियो नहीं बनाएगा और कोई वीडियो बनाकर वायरल नहीं करेगा।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक अल्ताफ अंसारी ही है और यह घटना के दौरान का वीडियो है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।अल्ताफ अंसारी ने आरोप लगाया कि वह घटना के दौरान रामचंद्रपुर थाना पहुंचे थे और आरोपित पक्ष उन्हें वहीं से अपने साथ ले गया।
हालांकि रामचंद्रपुर थाना प्रभारी मनोज नौरंगे ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है।थाना प्रभारी कहा कि, हमारे थाने में कोई नहीं आया था। थाने से किसी को कैसे ले जाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।
रामानुजगंज सौ बिस्तर अस्पताल में एमएलसी करने वाले चिकित्सक डॉ. दीपांकर साहू ने बताया कि अल्ताफ अंसारी के शरीर, विशेषकर पीठ और अन्य हिस्सों में कई चोटों के निशान पाए गए हैं। कुछ स्थानों पर रक्तस्राव जैसे लक्षण भी दिखाई दिए हैं। चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार सदमे में है। परिवार का कहना है कि सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने और मारपीट की घटना से वे मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। पीड़ित ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच कर रही पुलिस के अनुसार आरोपित मोहम्मद बक्स के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले सहित उसके विरुद्ध कुल चार एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप, वायरल वीडियो, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय