अंबिकापुर : युवा संसद 2026 में गूंजा लोकतंत्र का स्वर, छात्राओं ने निभाईं सत्ता-विपक्ष की सशक्त भूमिकाएं
अंबिकापुर, 24 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर में आयोजित ‘युवा संसद 2026’ कार्यक्रम ने लोकतंत्र की गरिमा और संसदीय परंपराओं की जीवंत झलक पेश की। यह आयोजन न केवल भव्य रहा, बल्कि छात्राओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक भी साबित हुआ, जहां उन्होंने संसद की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझा और अनुभव किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव, युवा गतिविधि प्रभारी अंजना श्रीवास्तव और शिक्षिका अंकिता राजवाड़े द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद युवा संसद की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें छात्राओं को भारतीय संसदीय प्रणाली, विधेयक प्रस्तुत करने, उस पर चर्चा करने और पारित करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान छात्राओं ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से निभाया। स्पीकर की भूमिका में शिक्षिका अंकिता ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। वहीं प्रधानमंत्री की भूमिका में आंचल ने नेतृत्व संभाला। कैबिनेट में महिला एवं विकास मंत्री, कृषि मंत्री, वित्त मंत्री, कानून मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के रूप में क्रमशः छात्राओं ने अपने-अपने विभागों का जिम्मेदारीपूर्वक प्रतिनिधित्व किया।
सदस्य के रूप में ईशा, सविता, मीरा सहित अन्य छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जबकि विपक्ष की ओर से चंचल, कविता, प्रीति और संजना ने प्रश्नकाल के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रश्नकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर गंभीर और सार्थक बहस हुई, जिसमें सत्ता पक्ष ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक जवाब दिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि, इस तरह के आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ‘युवा संसद 2026’ ने छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई है और उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह