अबूझमाड़ के युवा बस्तर फाइटर्स भर्ती के लिए बहा रहे पसीना

 


नारायणपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। अबूझमाड़ के युवा इन दिनों बस्तर फाइटर्स की भर्ती के लिए नारायणपुर के हाईस्कूल मैदान में पसीना बहा रहे हैं। 31 मार्च को नक्सलवाद की समाप्ति के बाद अबूझमाड़ के गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही युवा अपने भविष्य को लेकर नए सपने बुन रहे हैं। नारायणपुर पुलिस का 'माड़ परियोर अभियान' युवाओं के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए निशुल्क शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पाटिल ने शनिवार काे बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है।

कुतुल से आए युवा अभ्यर्थी उग्रेश कुमार वर्धा ने बताया कि पहले उनके गांव और आसपास के इलाकों में नक्सलियों का प्रभाव था, जिसके कारण युवाओं के मन में भय बना रहता था। लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद वह बिना किसी डर के पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए नारायणपुर पहुंच पा रहे हैं।उन्हाेने बताया कि पहले नक्सलियों के दबाव की वजह से डर लगता था। हमें लगता था कि सेना की भर्ती या ट्रेनिंग लेने पर नक्सली हमें मार डालेंगे। लेकिन अब हालात बदल गए हैं, अब तो हम आत्मसमर्पित नक्सलियों के साथ ट्रेनिंग ले रहे हैं। अगर नक्सली होते तो हम ऐसे ट्रेनिंग लेने नहीं आ पाते। यहां लिखित परीक्षा के लिए भी क्लास लगाई जा रही है। हमें अब यह समझ आ रहा है कि पेपर कैसा होगा।

नारायणपुर एसपी पाटिल ने बताया कि अभियान के तहत प्रशिक्षण को दो भागों में बांटा गया है। इनडोर प्रशिक्षण में अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान, जिले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों और लिखित परीक्षा के प्रश्नों को हल करने की तैयारी कराई जा रही है। वहीं आउटडोर प्रशिक्षण में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और व्यायाम जैसी शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। एसपी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य है कि अबूझमाड़ के अधिक से अधिक युवा बस्तर फाइटर भर्ती के लिए आवेदन करें और उन्हें चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की पहले से जानकारी हो। इसके लिए जिले में अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए हैं, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से युवाओं को अभ्यास कराया जा रहा है। अभियान में सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल होकर अपने हुनर को तराश रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे