जैतपुरी मामले पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

 


धमतरी, 23 मई (हि.स.)। जिले के बेलर ब्लाक अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को जिला युवा कांग्रेस ने शहर के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आदिवासियों पर अत्याचार का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी एवं उपाध्यक्ष गीत राम सिन्हा ने कहा कि वन विभाग की टीम ने नगरी- सिहावा क्षेत्र के जैतपुरी गांव में कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में शादी का माहौल होने के बावजूद वन अमले ने घरों में घुसकर लोगों को बाहर निकाला और भय का वातावरण बनाया। निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल में आदिवासी समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैतपुरी घटना में आदिवासी महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, यहां तक कि महिलाओं के कपड़े फाड़े गए और शादी वाले घर से दूल्हे को घसीटकर बाहर निकाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम जैतपुरी के 166 निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों को जबरन मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने आदिवासियों के साथ मारपीट करने वाले डीएफओ एवं वन विभाग के कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन में धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज साक्षी, आशुतोष खरे, चितेंद्र साहू, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा