धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में युवक गिरफ्तार, बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 


जांजगीर-चांपा, 21 मई (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत कुमार गढ़ेवाल (38 वर्ष) निवासी बुचीहरदी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

मामले में प्रार्थी रामगोपाल डहरिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 मई 2026 की रात बातचीत के दौरान आरोपी अजीत कुमार गढ़ेवाल ने भारतीय संविधान निर्माता B. R. Ambedkar, अंबेडकरवादी साथियों एवं सतनामी समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को आहत किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, कौशल सिदार, आरक्षक रज्जू रात्रे, टिकेश्वर राठौर, संदीप सोनंत एवं ढोल सिंह धीरहे की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT