कोरबा: बालको इलाके से युवक का अपहरण, पुलिस जांच में जुटी

 


कोरबा, 22 अप्रैल (हि. स.)। जिले में एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुरानी बस्ती निवासी एक युवक को बीती रात बालको इलाके से करीब आधा दर्जन लोगों ने जबरन अगवा कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपहृत युवक की पहचान विजय सिंधी के रूप में हुई है, जो पहले पुरानी बस्ती के भंडारी चौक में रहता था। बताया जा रहा है कि विजय पर पहले से ही कई लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे ऐंठने के आरोप हैं। जब लोगों ने उससे पैसे वापस मांगने का दबाव बनाया, तो वह रायगढ़ चला गया था। कुछ समय बाद वह वापस कोरबा लौटा, लेकिन पुरानी बस्ती की बजाय बालको क्षेत्र में रहने लगा।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब आधा दर्जन लोग एक चार पहिया वाहन में बालको पहुंचे। उन्होंने विजय को घेर लिया और जबरन वाहन में बिठाकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बालको पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों को साथ लेकर पुरानी बस्ती पहुंची। पुलिस ने युवक के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई। प्रत्यक्षदर्शी युवतियों ने पुलिस को बताया कि आरोपित युवक को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल व आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन और जमीन रजिस्ट्री से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस युवक के अपहरण की बात सामने आई है, उससे फोन पर संपर्क हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी