छोटे भाई की हत्या, आरोपित बड़े भाई गिरफ्तार
धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मोबाइल देखने की बात पर उपजे विवाद से आक्रोशित बड़े भाई ने डंडा से पीट-पीटकर छोटे भाई की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपित बड़े भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खल्लारी थाना से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात ग्राम फरसगांव निवासी कैलाश सोरी 19 वर्ष एवं उनका छोटा भाई कुंदन सोरी 16 वर्ष खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इस दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान बड़े भाई कैलाश सोरी ने डंडे से छोटे भाई कुंदन सोरी के सिर एवं पीठ पर कई बार हमला कर दिया। इससे कुंदन जमीन पर गिर गया तथा उसके माथे एवं पैर में भी चोट आई है। बाद में कुंदन की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। डाक्टर से प्राप्त शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने पर थाना खल्लारी में आरोपित बड़े भाई कैलाश सोरी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा