कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ते युवक की डूबने से मौत, 24 घंटे बाद मिला शव
कोरबा, 20 सितम्बर (हि. स.)। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए 40 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई, जिसका शव डीडीआरएफ की टीम ने आज रविवार काे बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना निवासी धरम धनुहार के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धरम धनुहार शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान मछली पकड़ते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते धरम गहरे पानी में समा गया। इसके बाद घबराई पत्नी गांव पहुंची और परिजनों तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सेना की डीडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने शनिवार देर शाम तक एनिकट में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। आज रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद डीडीआरएफ टीम ने धरम का शव पानी से बरामद कर लिया।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनिकट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि लोगों को गहरे एवं खतरनाक हिस्सों की जानकारी पहले से मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी