रावघाट-रायपुर पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की हुई मौत
कांकेर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कांकेर जिले के रावघाट से रायपुर के बीच यात्री ट्रेन के नियमित संचालन के पहले ही दिन आज गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। अंतागढ़ थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम गोंडबिनापाल निवासी 38 वर्षीय रुपसिंह आंचला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की संभावित वजह सुबह के समय अत्यधिक धुंध (कोहरा) होना बताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोंडबीनापाल गांव के पास रेलवे पटरी पर बैठे एक युवक को पैसेंजर ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा सुबह करीब 07 बजे का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान रूप सिंह आँचला (38 वर्ष), पिता गुर्जरु राम के रूप में हुई है। 20 अक्टूबर को इस रूट पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। रावघाट पहुंची पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई व जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे