डोसा सेंटर लगाने वाले युवक की करंट लगने से हुई मौत
जगदलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के काेतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय मार्केट में शनिवार सुबह एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। यहां डोसा सेंटर लगाने वाले एक 16 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे युवक रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचा था। दुकान की साफ-सफाई करने के बाद वह ठेले के ऊपर चढ़कर उस पर लगी झिल्ली (तिरपाल) को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे कटे हुए बिजली के खुले तार के संपर्क में आ गया। करंट का झटका लगते ही युवक झुलस गया और कुछ ही पलों में उसकी जान चली गई।
हादसे के बाद आस-पास के दुकानदारों ने तत्काल पुलिस और युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और पुलिस बल मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बावजूद इसके काेतवाली पुलिस ने शव काे अस्पताल रवाना कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे