दर्रा में योगा ओलंपियाड का आयोजन, प्रतिभाओं ने दिखाई योग शक्ति

 




कुरुद ब्लाॅक के 16 और मगरलोड के चार सहित 20 प्रतिभागियों ने किया योग का प्रदर्शन

धमतरी, 11 मई (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दर्रा में साेमवार को जिलास्तरीय योग ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगता में कुरुद ब्लाक के 16 और मगरलोड के चार सहित 20 प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधाओं में प्रतिभागियों ने संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का परिचय दिया।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं खेल अधिकारी पीयूष तिवारी के निर्देश एवं डीईओ अभय जायसवाल के मार्गदर्शन में कुरुद ब्लाक के शासकीय उमावि दर्रा में सोमवार को जिला स्तरीय योगा ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम में प्राचार्य बीआर रात्रे ने कहा कि योग ओलंपियाड विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

पीटीआई राजकुमार साहू ने बताया कि योगा ओलंपियाड में कुरुद ब्लाक के आठ बालक एवं आठ बालिकाओं और मगरलोड ब्लाक के तीन बालक और एक बालिका खिलाड़ी ने उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में 11 से 14 वर्ष एवं 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी सम्मिलित हुए। इस दौरान खिलाड़ियों ने खड़े होकर, बैठकर, पीठ के बल एवं पेट के बल लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योगासनों के साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली एवं शीतकारी प्राणायाम का प्रदर्शन किया। व्यायाम शिक्षक जेपी देव एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी शकीला देवदास ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 15 मई को रायपुर में आयोजित संभाग स्तरीय योगा ओलंपियाड में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में व्यायाम शिक्षक गैंद लाल साहू, घनश्याम ध्रुव, जितेश्वर साहू, वंदना केरकेट्टा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा