कुश्ती प्रशिक्षक लक्ष्मण और नेटबाल खिलाड़ी पूजा होंगी खेल अलंकरण से सम्मानित
धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। राज्य खेल अलंकरण की घोषणा कर दी गई है। इसमें धमतरी जिले से कुश्ती खेल के प्रशिक्षक लक्ष्मण लाल साहू और ग्राम परखंदा की नेटबाल खिलाड़ी पूजा साहू का चयन हुआ है। लक्ष्मण को वर्ष 2023-24 के शहीद विनोद चौबे सम्मान और पूजा को वर्ष 2025-26 के शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों को 29 अगस्त को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में आयोजित समारोह में सम्मान मिलेगा। दो खेल प्रतिभाओं के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी है।
59 वर्षीय लक्ष्मण लाल साहू ने 10 वर्ष की उम्र में कुश्ती शुरू की। पिता के निधन के बाद मां स्वर्गीय जगोती बाई साहू और बड़े भाई स्वर्गीय भुवन लाल साहू ने उन्हें कुश्ती के लिए प्रेरित किया। मां चाहती थीं कि वह खेल में आगे बढ़ें और नशे व गलत गतिविधियों से दूर रहें। खानपान का भी विशेष ध्यान रखती थीं। गुरु स्वर्गीय रामकृष्ण यादव, स्वर्गीय बुआ महराज और स्वर्गीय भुरवा फुटान से उन्हें मार्गदर्शन मिला। वर्ष 1988 में उन्हें पहली बार छत्तीसगढ़ कुमार सम्मान मिला। 2023 में युवा महोत्सव के वेटरन वर्ग में 60 किलो वजन में रजत पदक जीता।
खिलाड़ी के साथ प्रशिक्षक के रूप में भी उन्होंने कुश्ती को आगे बढ़ाया।लक्ष्मण पहलवान 40 वर्षों से बच्चों, युवाओं और बालिकाओं को निश्शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। बालिकाओं को प्रशिक्षण देने के दौरान विरोध हुआ तो पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने जगह उपलब्ध कराई। बाद में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय ताराचंद हिंदूजा ने प्रशिक्षण के लिए भवन दिया। उनके प्रशिक्षण में 200 से अधिक खिलाड़ी राज्य और 100 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। कई पदक जीत चुके हैं और कई बालिकाएं खेल के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल कर चुकी हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कांटा तालाब में कुश्ती संवर्धन के लिए स्थान देने निगम आयुक्त को निर्देश दिए हैं। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष और जिला क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष हैं।
मेहनत से मिल सफलता
ग्राम परखंदा की 18 वर्षीय पूजा साहू पांचवीं कक्षा से नेटबाल खेल रही हैं। वर्तमान में शासकीय पीजी कालेज कुरुद में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। किसान पिता चोखे लाल साहू और गृहिणी मां महेश्वरी साहू ने उनका हमेशा हौसला बढ़ाया। पूजा अपनी सफलता का श्रेय कोच गोपाल साहू और माता-पिता को देती हैं। पूजा सीमित संसाधनों में गांव के स्कूल के मिट्टी के मैदान पर अभ्यास करती हैं। वह रोज सुबह साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक अभ्यास करती हैं। टीम में शूटर की भूमिका निभाने वाली पूजा अब तक चार स्कूल स्टेट, नौ ओपन स्टेट, एक स्कूल नेशनल और तीन ओपन नेशनल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। 29 वीं सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2023-24 में गोड्डा झारखंड में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।
37 वीं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2024-25 भिवानी हरियाणा और 38 वीं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2025-26 मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश में भी हिस्सा लिया। 69 वीं स्कूल नेशनल 2025-26 अंडर-19 प्रतियोगिता मैंगलोर कर्नाटक में खेलीं। पूजा ने 12 वीं में 79 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच नियमित अभ्यास से नेटबाल में अपनी पहचान बनाई। अब राज्य खेल अलंकरण में चयन उनके खेल सफर की बड़ी उपलब्धि है। इन दोनों की उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला खेल अधिकारी एवं एसडीएम पीयूष तिवारी, सहायक खेल अधिकारी जे पी देव, विजय यादव, सूरज छांटा, विकास ठाकुर, खिलेंद्र साहू सहित खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा