गुमलवाडा में 300 पौधे रोपकर मनाया जाएगा विश्व पर्यावरण दिवस
जगदलपुर, 02 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर बस्तर जिले से पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संदेश देने की तैयारी की जा रही है। इस वर्ष 5 जून को जिला स्तरीय विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन विकासखंड जगदलपुर के ग्राम गुमलवाडा में किया जाएगा। ग्राम सभा गुमलवाडा द्वारा लगभग एक एकड़ भूमि में 300 पौधे लगाए जाएंगे।
इसके लिए ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान का निर्णय लिया है। प्रत्येक परिवार की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गड्ढे खोदने, स्थल की साफ-सफाई और पौधरोपण की जिम्मेदारी साझा की जाएगी। आयोजन को लेकर ग्राम सभा अध्यक्ष, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति, कोर टीम के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और महा ग्राम सभा जिला बस्तर के पदाधिकारियों की बैठक में व्यापक चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में इस वर्ष की थीम भविष्य के लिए आज क्या कर सकते हैं, पर मंथन किया गया। सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय लिया गया कि पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यक्रम गुमलवाडा में आयोजित होगा। आयोजन की जिम्मेदारी और सहयोग राशि के संकलन का दायित्व टाकेश नाग को सौंपा गया। ग्राम सभा धुडमारास ने कार्यक्रम के लिए एक हजार रुपए की सहयोग राशि भी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पौध रोपण अभियान होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे