एमसीबी : फिटनेस और पर्यावरण चेतना का संदेश लेकर आया विश्व साइकिल दिवस, मनेंद्रगढ़ में उमड़ा जनसैलाब

 






मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार काे मनेंद्रगढ़ का सुरभि पार्क फिटनेस, असीम ऊर्जा और पर्यावरण जागरूकता का मुख्य केंद्र बन गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित इस साइक्लिंग एवं ज़ुम्बा कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'फिट इंडिया' के संकल्प को दोहराते हुए आम जनता को स्वस्थ जीवनशैली और हरित भविष्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने स्वयं साइकिल चलाकर नागरिकों को नियमित व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान प्रशासनिक अमले और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी साइकिल चलाकर इस मुहिम को आगे बढ़ाया। कलेक्टर के साथ एसडीएम लिंगराज सिदार, 18वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के कमांडेंट संजय शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने इस जागरूकता रैली में सक्रिय भागीदारी निभाई। साइकिल रैली के साथ ही सुरभि पार्क में आयोजित विशेष जुंबा सत्र ने युवाओं और बच्चों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। संगीत की कड़कड़ाती धुनों पर थिरकते हुए प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपनी सेहत के प्रति प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग द्वारा उपस्थित मुख्य अतिथियों और विशिष्ट जनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

इस पूरे गरिमामयी आयोजन का विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित साइक्लिस्ट एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक सतीश द्विवेदी रहे, जिनकी प्रेरणादायी जीवन यात्रा ने वहाँ मौजूद हर व्यक्ति को प्रभावित किया। वर्ष 1997 से अब तक लगभग 25 हजार किलोमीटर की साइक्लिंग कर चुके सतीश द्विवेदी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है। उन्होंने वर्ष 1997 में मनेंद्रगढ़ से नेपाल की राजधानी काठमांडू तक की लगभग 1100 किलोमीटर की ऐतिहासिक साइकिल यात्रा पूरी की थी। इसके अलावा वे अब तक करीब 450 शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरण पर प्रेरक व्याख्यान दे चुके हैं। उनके इसी अनुकरणीय योगदान के लिए उनका नाम 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड' में दर्ज है और उन्हें 'स्वामी विवेकानंद स्पिरिट अवॉर्ड' व 'राष्ट्रीय उत्कृष्ट भारत प्रेरणा सम्मान' से भी नवाजा जा चुका है।

कार्यक्रम के समापन पर नागरिकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि साइक्लिंग न केवल हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण का भी एक बेहद सशक्त माध्यम है। उन्होंने आज की युवा पीढ़ी से अपील की कि वे मोबाइल और सुस्त जीवनशैली को छोड़कर नियमित व्यायाम, साइक्लिंग और सक्रिय दिनचर्या को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे सामूहिक आयोजन 'फिट इंडिया' अभियान को एक बड़ा जन-आंदोलन बनाने में मददगार साबित होंगे। इस अवसर पर पूर्व योग आयोग उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे सहित भारी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस दिन को बेहद यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह