जगदलपुर में हुई विद्युत उपभोक्ता जागरूकता एवं शिकायत निवारण कार्यशाला

 


जगदलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के संयुक्त तत्वावधान में कुम्हरावण्ड स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के ऑडिटोरियम में आज शुक्रवार काे एक दिवसीय विद्युत उपभोक्ता जागरूकता एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं को उनके वैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी व निष्पक्ष निराकरण की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष विवेक गनोदवाले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विद्युत लोकपाल एसके सोनी, विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम जगदलपुर क्षेत्र के अध्यक्ष पीआर साहू तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु तय की गई त्रिस्तरीय व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिलिंग, मीटर, विद्युत आपूर्ति अथवा अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ता सबसे पहले संबंधित कनिष्ठ अभियंता से संपर्क कर सकते हैं।

यदि निर्धारित समय-सीमा में समस्या का निराकरण नहीं होता है, तो मामले को सहायक अभियंता और तत्पश्चात कार्यपालन अभियंता के समक्ष ले जाया जा सकता है। इसके बावजूद समाधान न मिलने की स्थिति में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम और राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष अपना पक्ष रख सकते हैं, जो निष्पक्ष एजेंसी के रूप में दोनों पक्षों को सुनकर निर्णय लेते हैं। अधिकारियों ने बताया कि तय समय-सीमा में समस्याओं का हल न होने पर उपभोक्ताओं के लिए नियमानुसार क्षतिपूर्ति प्राप्त करने के कानूनी प्रावधान भी मौजूद हैं।

इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने बिजली संबंधी विवादों के निपटारे में लोक अदालत और विधिक मध्यस्थता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि न्यायालयीन प्रक्रियाओं के संकोच और लंबे समय से बचने के लिए उपभोक्ता लोक अदालत के मंच का लाभ उठा सकते हैं, जहाँ दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सहमति से विवादों का त्वरित समाधान कराया जाता है। कार्यशाला में उपभोक्ता अधिकारों के साथ-साथ उनके दायित्वों, जैसे समय पर बिजली बिल का भुगतान करने और ऊर्जा संरक्षण पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में एक प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित नागरिकों ने अपनी विभिन्न शंका व सुझाव रखे, जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक, बड़ी संख्या में उपभोक्ता तथा विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे