पाइपलाइन का काम कर रहा मजदूर जिंदा मिट्टी में दबा, चार दिन बाद खुदाई में मिला शव
कांकेर, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत कच्चे चौकी के ग्राम हिंगनझर में नल-जल योजना के कार्य के दौरान लापरवाही का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया। चार दिन बाद आज शनिवार काे उसी स्थान पर दोबारा खुदाई करने पर उसका शव गड्ढे के भीतर बैठी हुई अवस्था में मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कच्चे चौकी अंतर्गत ग्राम हिंगनझर में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरेलू कनेक्शन देने का कार्य चल रहा था। 28 जुलाई को 30 वर्षीय रामदेव आंचला पाइप लाइन की नाली में उतरकर कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान दूसरी ओर से जेसीबी मशीन द्वारा गड्ढे में मिट्टी भरी जा रही थी।
आरोप है, कि चालक ने अनजाने में उसी स्थान पर भी मिट्टी डाल दी, जहां रामदेव काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि मजदूर को संभलने या मदद के लिए आवाज लगाने तक का मौका नहीं मिला और वह जिंदा ही मिट्टी में दब गया। उस समय अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर की दूरी पर काम कर रहे थे, इसलिए किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। दोपहर के भोजन के समय जब रामदेव नहीं पहुंचा तो साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल पर कॉल करने पर पहले घंटी गई, लेकिन बाद में फोन बंद हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने भी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कच्चे चौकी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पुलिस, ग्रामीणों और सरपंच की मौजूदगी में उस स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई, जहां से रामदेव लापता हुआ था। करीब 10 मीटर तक खुदाई करने के बाद गड्ढे के भीतर उसका शव बैठी हुई अवस्था में मिला। शव मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लेकर माहौल शांत कराया।
जेसीबी चालक ने पुलिस को बताया कि वह दूसरी ओर से गड्ढा भरते हुए आगे बढ़ रहा था। उसे वहां कोई दिखाई नहीं दिया। उसके अनुसार, उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि गड्ढे के भीतर कोई मजदूर काम कर रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों तथा संभावित लापरवाही की जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे